- Rajesh sharma
ट्रक से 735 किलो गांजा बरामद, दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
बांधवभूमि, न्यूज
मध्यप्रदेश
सोनू खान, शहडोल। जिले मे नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जयसिंहनगर पुलिस ने गश्त के दौरान एक ट्रक से 735 किलो 440 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने ट्रक चालक और खलासी को गिरफ्तार कर गांजा, ट्रक और तीन मोबाइल सहित कुल 1 करोड़ 13 लाख 55 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है। नवरात्रि के दौरान गश्त के समय पुलिस ने संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली। ट्रक मे 18 बोरियों और 81 पैकेटों मे छिपाकर रखा गांजा मिला। पुलिस ने चालक राहुल विश्वकर्मा (36), निवासी जमीनबारी, थाना निजामाबाद, जिला आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश) और खलासी नारायण मंडल (50), निवासी अलगडीहा, थाना बगोदर, जिला गिरिडीह (झारखंड) को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब गांजे की खेप के स्रोत और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी, इसकी जांच कर रही है। ब्यौहारी एसडीओपी ऋषभ चारी के मार्गदर्शन मे निरीक्षक अजय बैगा, सहायक उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार व सुरेश सिंह, प्रधान आरक्षक आदित्य शुक्ला व रुस्तम सिंह, आरक्षक ऋषिकांत मिश्रा, नीरज शुक्ला व धीरशाह बैगा, महिला आरक्षक खुशबू लोधी तथा साइबर सेल की टीम ने कार्रवाई मे अहम भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल ने टीम की सराहना करते हुए नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही।