- Rajesh sharma
पत्नी और सास की हत्या का आरोपी पति गिरफ्तार
चरित्र संदेह में खटिया के पाए से किया हमला, चार दिन बाद कमरे मे मिले थे दोनों के शव
बांधवभूमि, न्यूज
मध्यप्रदेश
सोनू खान, शहडोल। गोहपारू थाना पुलिस ने पत्नी रुचि और सास सावित्री की हत्या के आरोप मे फरार दिनेश रजक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि चरित्र संदेह को लेकर हुए विवाद मे उसने दोनों की खटिया के पाए से पीटकर हत्या कर दी और शवों को कमरे मे बंद कर बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया था। पुलिस के अनुसार, गोहपारू थाना क्षेत्र के नवागांव निवासी दिनेश रजक की करीब एक वर्ष पहले सीधी जिले के मंझौली निवासी रुचि से शादी हुई थी। चार अक्टूबर को पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान रुचि की मां सावित्री बेटी को मायके ले जाने पहुंचीं। उन्होंने रुचि के साथ मारपीट होते देख बीच-बचाव किया, तभी आरोपी ने कथित तौर पर दोनों पर खटिया के पाए से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। आठ अक्टूबर को कमरे से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। सूचना पर पहुंची गोहपारू पुलिस ने कमरा खुलवाया, जहां मां-बेटी के शव मिले। पुलिस ने दोहरे हत्याकांड का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान उसके गुजरात मे होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम के पहुंचने की भनक लगने पर आरोपी वहां से भागकर गोहपारू क्षेत्र के जंगल मे छिप गया। पुलिस ने तलाश के दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले मे आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।