- Rajesh sharma
मप्र मे पर्यटन सुविधाओं और आर्थिक गतिविधियों का तेजी से हो रहा विस्तार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर मे किया एक निजी होटल का शुभारंभ
बांधवभूमि, न्यूज
मध्यप्रदेश
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। प्रदेश में आधुनिक सुविधाओं से युक्त होटल एवं अन्य बड़ी परियोजनाओं में निवेश से पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही आर्थिक गतिविधियों का विस्तार हो रहा है और जनता के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्ष 2028 में उज्जैन में आयोजित होने वाले सिंहस्थ को देखते हुए इंदौर का महत्व और अधिक बढ़ गया है। उज्जैन के निकट होने के कारण इंदौर में पर्यटकों, श्रद्धालुओं और व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़े लोगों की आवाजाही में वृद्धि होगी। ऐसे में कॉर्पोरेट जगत की बैठकों, व्यापारिक आयोजनों और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होटल्स की महती भूमिका होती है। उन्होंने होटल के शुभारंभ पर बधाई देते हुए कहा कि नवरात्रि के पावन पर्व पर अहिल्या की नगरी इंदौर को यह नई सुविधा मिलना विशेष महत्व रखता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि होटल पर्यटन, व्यापार और कॉर्पोरेट गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के साथ ही इंदौर की आधुनिक आतिथ्य सुविधाओं को और मजबूत करेगा। इससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी तथा रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे। इस अवसर पर सांसद श्री शंकर लालवानी, विधायक श्री रमेश मेंदोला तथा विधायक श्री मधु वर्मा, श्री सुमित मिश्रा, श्री श्रवण सिंह चावड़ा, श्री मयंक राज सिंह भदौरिया सहित वरिष्ठ पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
भारत की अर्थव्यवस्था वर्ष 2026 और 2027 में 7 प्रतिशत की दर से बढ़ने का अनुमान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की विकास यात्रा वैश्विक स्तर पर मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के नवीनतम वर्ल्ड इकनामिक आउटलुक ग्रोथ प्रोजेक्शन्स के अनुसार, भारत की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) वर्ष 2026 और 2027 में 7.0 प्रतिशत की वृद्धि होने का अनुमान है। यह हमारी सशक्त अर्थव्यवस्था और क्षमता का प्रमाण है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में भारतीय अर्थव्यवस्था द्वारा अर्जित अर्थव्यवस्था की मजबूती, संवर्धित क्षमताओं और विस्तारित होती संभावनाओं को दर्शाता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में प्राप्त यह उपलब्धि हर्ष और गर्व का विषय है। इसके साथ ही यह उपलब्धि प्रधानमंत्री श्री मोदी के सक्षम नेतृत्व का भी प्रमाण है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश में आर्थिक सुधारों, बुनियादी ढांचे के विकास और निवेश को बढ़ावा देने से विकास के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की दिशा में भारत निरंतर प्रयत्नशील और गतिशील है।