- Rajesh sharma
आज उमरिया से बहनों को सौगात देंगे मुख्यमंत्री
जिले के गुरुवाही मे लाड़ली बहना सम्मेलन, राज्य की सवा करोड़ महिलाएं होंगी लाभान्वित
बांधवभूमि, न्यूज
मध्यप्रदेश
उमरिया। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज जिले से लाड़ली बहना योजना की 41वीं किस्त जारी करेंगे। इस अवसर पर मानपुर जनपद पंचायत अंतर्गत गुरुवाही ग्राम मे विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें सिंगल क्लिक के माध्यम से राज्य की 1 करोड़ 25 लाख पात्र महिलाओं के बैंक खातों मे 1,500 रुपये के मान से आर्थिक सहायता राशि अंतरित की जाएगी। इसके साथ ही वे विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी करेंगे। नवरात्रि के दौरान महिलाओं को मिलने वाली यह राशि उनके सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और सम्मान के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित करेगी।
स्वावलंबन को मजबूत कर रही योजना
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाना, उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर मे सुधार करना तथा परिवार के निर्णयों मे उनकी भूमिका को सशक्त करना है। इसके माध्यम से महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे वे अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ पारिवारिक आर्थिक गतिविधियों मे भी प्रभावी भागीदारी निभा सकें। योजना के अंतर्गत पात्र सामान्य लाभार्थी महिलाओं को प्रतिमाह 1,500 रुपये की सहायता दी जा रही है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ प्राप्त करने वाली पंजीकृत पात्र महिलाओं को प्रावधानों के अनुसार प्रतिमाह 900 रुपये प्रदान किए जाते हैं। यह राशि आधार से जुड़े डीबीटी सक्रिय बैंक खातों मे सीधे अंतरित की जाती है, जिससे भुगतान प्रक्रिया पारदर्शी और सुविधाजनक बनी रहती है।
अब तक 40 किस्तों का नियमित अंतरण
योजना के अंतर्गत जून 2023 मे लगभग 1.25 करोड़ लाभार्थी महिलाओं को पहली मासिक आर्थिक सहायता राशि अंतरित की गई थी। सितंबर 2026 तक नियमित रूप से 40 किस्तों का भुगतान किया जा चुका है। अब 14 अक्टूबर, बुधवार को 41वीं किस्त जारी की जाएगी। इसके अतिरिक्त अगस्त 2023, अगस्त 2024, अगस्त 2025 और अगस्त 2026 मे लाभार्थियों को चार बार 250-250 रुपये की विशेष आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई है। योजना के माध्यम से महिलाओं की आर्थिक निर्णय लेने की क्षमता और आत्मविश्वास को बढ़ावा दिया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए इसमें 23,882.81 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है।
136 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव उमरिया जिले के गुरुवाही मे आयोजित लाड़ली बहना योजना सम्मेलन मे कुल 14,415.93 लाख रुपये की लागत के 136 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन करेंगे। इनमें 8,731.55 लाख रुपये की लागत के 68 कार्यों का लोकार्पण और 5,684.41 लाख रुपये की लागत के 68 कार्यों का भूमि-पूजन शामिल है। इन कार्यों मे बांधवगढ़ और मानपुर विधानसभा क्षेत्रों की परियोजनाएं भी शामिल हैं। बांधवगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 5,906.99 लाख रुपये की लागत के 18 कार्यों का लोकार्पण तथा 3,225.22 लाख रुपये की लागत के 46 कार्यों का भूमि-पूजन किया जाएगा। मानपुर विधानसभा क्षेत्र मे 2,824.56 लाख रुपये की लागत के 50 कार्यों का लोकार्पण तथा 2,459.16 लाख रुपये की लागत के 22 कार्यों का भूमि-पूजन होगा।
कमिश्नर और आईजी ने लिया जायजा

शहडोल संभाग की कमिश्नर सुरभि गुप्ता और आईजी एन चैत्रा ने गत दिवस मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। आयोजन स्थल का निरीक्षण करनेे के बाद उन्होने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान मानपुर सुश्री विधायक मीना सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष अनुजा पटेल, उपाध्यक्ष ओम नारायण सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष ममता सिंह, आशुतोष अग्रवाल, कलेक्टर राखी सहाय, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार भागवानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार शर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभय सिंह, अपर कलेक्टर प्रमोद कुमार सेन गुप्ता, मानपुर एसडीएम हरनीत कौर कलसी, बांधवगढ़ एसडीएम अंबिकेश प्रताप सिंह, पाली एसडीएम मीनांक्षी इंगले, डिप्टी कलेक्टर कमलेश नीरज, प्रत्युष श्रीवास्तव और प्रिया अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
मिनट टू मिनट कार्यक्रम
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सुबह 11.50 बजे भोपाल के स्टेट हैंगर से विमान द्वारा रवाना होकर दोपहर 12.25 बजे जबलपुर के डुमना हवाई अड्डे पहुंचेंगे। यहां से हेलीकॉप्टर द्वारा 12.35 बजे रवाना होकर 1.10 बजे जिले के गुरवाही हेलीपैड पहुंचेंगे। स्थानीय कार्यक्रमों मे सहभागिता उपरांत सीएम 3.45 बजे गुरवाही हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा जबलपुर के लिए रवाना होंगे।