- Rajesh sharma
धन-धान्य कृषि योजना मे बेहतर प्रदर्शन
कलेक्टर राखी सहाय का हुआ सम्मान, जिले ने 78.1 अंक के सांथ हासिल की उपलब्धि
बांधवभूमि, न्यूज
मध्यप्रदेश
उमरिया। प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना मे बेहतर प्रदर्शन कर देशभर मे तीसरा स्थान हासिल करने पर केंद्र सरकार द्वारा जिले की कलेक्टर राखी सहाय को सम्मानित किया गया। गत दिवस राजधानी नई दिल्ली स्थित एनएएससी परिसर मे आयोजित एक कार्यक्रम मे प्रशस्ति पत्र सौंपा गया। इस अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री सहित संबंधित मंत्रालयों एवं विभागों के केंद्रीय मंत्री उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2026-27 के अंतर्गत अगस्त माह की समीक्षा मे उमरिया जिले ने 78.1 के संयुक्त अंक के साथ यह उपलब्धि हासिल की। योजना के तहत जिले मे कृषि उत्पादकता बढ़ाने, किसानों की आय मे वृद्धि करने तथा कृषि से जुड़े अन्य क्षेत्रों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
कृषि से जुड़े विभाग मिलकर कर रहे काम
बताया गया है कि योजना के लक्ष्यों को पूरा करने के लिए जिले मे कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन एवं मत्स्य पालन विभाग सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। इसके साथ ही जिला पंचायत के ग्रामीण विकास विभाग तथा कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा भी निर्धारित उद्देश्यों की पूर्ति के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से खेती के साथ अन्य संबंधित क्षेत्रों मे किसानों की आय बढ़ाने पर ध्यान दिया जा रहा है।
सिंचाई, आधुनिक तकनीक और फसल विविधीकरण पर जोर
योजना के अंतर्गत कृषि उत्पादकता मे सुधार, फसल विविधीकरण, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार तथा कृषि अधोसंरचना को मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के साथ खेती से संबंधित आवश्यक जानकारी, तकनीकी मार्गदर्शन और विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर उत्पादन एवं आय में वृद्धि की जा सके।
दलहन और तिलहन उत्पादन को मिलेगा बढ़ावा
जिले मे दलहन एवं तिलहन फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। योजना के माध्यम से कृषि क्षेत्र में सुधार के साथ किसानों की आय बढ़ाने, उत्पादन क्षमता का बेहतर उपयोग करने और खेती से जुड़े संसाधनों को मजबूत बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।