राज्य
12-Oct-2026
...


- Rajesh sharma



पीएम के नेतृत्व मे विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ेगा मध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता मे मंत्रि-परिषद की विशेष बैठक मंत्रालय मे सम्पन्न 

बांधवभूमि, न्यूज 

मध्यप्रदेश
भोपाल।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में लोकसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रालय में मंत्रि-परिषद की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री के नेतृत्व, सुशासन और राष्ट्र निर्माण में योगदान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सर्वसम्मति से अभिनंदन प्रस्ताव पारित किया गया। मंत्रि-परिषद ने वर्ष 2047 तक आत्मनिर्भर भारत और विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए प्रधानमंत्री के नेतृत्व में कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करने का संकल्प लिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का 25 वर्षों का लोकसेवा कार्यकाल त्याग, समर्पण और जनकल्याण का उदाहरण है। उनके दूरदर्शी नेतृत्व में देश ने बुनियादी ढांचे, डिजिटल तकनीक, विनिर्माण, महिला सशक्तिकरण, गरीब कल्याण और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयासÓ के मंत्र ने राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी को नई दिशा दी है।

प्रदेश के विकास और रोजगार पर जोर
मंत्रि-परिषद के संकल्प में मध्यप्रदेश की विकास उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए केन-बेतवा और पार्वती-कालीसिंध-चंबल जैसी नदी जोड़ो परियोजनाओं, भोपाल-इंदौर मेट्रो, रेल एवं हवाई कनेक्टिविटी, स्वच्छ ऊर्जा और औद्योगिक निवेश को महत्वपूर्ण बताया गया। प्रदेश में 30.77 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त होने तथा लगभग 10 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं के क्रियान्वयन की दिशा में तेजी का उल्लेख किया गया। युवाओं के लिए दो लाख से अधिक सरकारी नौकरियों के सृजन का लक्ष्य, नए मेडिकल कॉलेज, कौशल विकास, एआई एवं एडवांस कंप्यूटिंग लैब और उद्योगों से जुड़े रोजगार के अवसरों को भी संकल्प में शामिल किया गया। महिला स्व-सहायता समूहों से जुड़ी लगभग 65 लाख महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, लखपति दीदी और ड्रोन दीदी जैसी पहलों को महिला आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण बताया गया।

तकनीक, सुरक्षा और सांस्कृतिक विरासत को प्राथमिकता
संकल्प में प्रधानमंत्री जनधन योजना, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ यूपीआई, सेमीकंडक्टर मिशन, राष्ट्रीय क्वांटम मिशन और स्टार्टअप को देश की प्रगति के प्रमुख आधारों में गिनाया गया। राष्ट्रीय सुरक्षा के संदर्भ में अनुच्छेद 370, सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख किया गया। वहीं श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक और अंतरिक्ष अभियानों को भारत की सांस्कृतिक एवं वैज्ञानिक उपलब्धियों का प्रतीक बताया गया। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों, सुशासन और विकासोन्मुख नीतियों के माध्यम से मध्यप्रदेश वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। बैठक में उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल सहित मंत्रि-परिषद के सदस्य उपस्थित रहे।