- Rajesh sharma
मैहर मे किसान की निर्मम हत्या
सोते समय धारदार हथियार से काटा गला, परिवार के चार सदस्य घायल
बांधवभूमि, न्यूज
मध्यप्रदेश
मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर जिले में रविवार देर रात एक किसान की हत्या और उसके परिवार के सदस्यों पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के सोनवारी गांव में खेत पर बने घर के बाहर बरामदे में सो रहे 40 वर्षीय किसान रज्जन सिंह पटेल पर अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में किसान की मौके पर ही मौत हो गई। शोर सुनकर बाहर आए परिवार के अन्य सदस्यों पर भी हमलावरों ने हमला किया, जिसमें उनकी पत्नी, आठ वर्षीय बेटी, 12 वर्षीय बेटा और बुजुर्ग दादी घायल हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटना की सूचना मिलने पर सीएसपी महेंद्र सिंह और कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू किए। घायल पत्नी, बच्चों और बुजुर्ग महिला को डायल 112 की मदद से सिविल अस्पताल मैहर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने किसान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वारदात में करीब आधा दर्जन हमलावरों के शामिल होने की आशंका है। पुलिस ने जांच के दौरान गांव के कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। हालांकि, हमलावरों की वास्तविक संख्या, उनकी पहचान और वारदात में उनकी भूमिका की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस घटनास्थल की परिस्थितियों, परिजनों से मिली जानकारी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
सोनवारी गांव में हुई इस वारदात के बाद सवाल उठ रहा है कि आखिर रज्जन सिंह पटेल को निशाना क्यों बनाया गया और उनके परिवार के सदस्यों पर हमला किस वजह से किया गया। क्या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश थी या कोई अन्य कारण, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस किसी भी संभावित कारण को लेकर आधिकारिक निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। घटना में घायल मृतक की पत्नी अंजना पटेल से पूछताछ में हमलावरों की संख्या, उनके हुलिए और वारदात के घटनाक्रम से जुड़े अहम तथ्य सामने आ सकते हैं। पुलिस अन्य परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर भी जांच आगे बढ़ा रही है। फिलहाल पुलिस संदिग्धों से पूछताछ और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर हत्या के कारणों और आरोपियों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।