- RAJESH SHARMA
छात्रों और अभिभावकों पर बोझ बनी परीक्षा व्यवस्थाःराहुल गांधी
बांधवभूमि, नई दिल्ली
नीट परीक्षा से जुड़े विवादों और लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों के बीच छात्रों की आत्महत्याओं को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने इन मौतों को व्यवस्था की विफलता बताते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे तथा परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की मांग की है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दावा किया कि नागपुर के एक छात्र को नीट पुनर्परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र अबू धाबी आवंटित कर दिया गया, जबकि उसके पास न पासपोर्ट था और न ही विदेश जाने की व्यवस्था। उन्होंने कहा कि परीक्षा से पहले यह जानकारी मिलने से छात्र मानसिक तनाव में आ गया और उसने परीक्षा देने से इंकार कर दिया। राहुल गांधी ने एनटीए की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो संस्था छात्रों को उनके शहर में परीक्षा केंद्र उपलब्ध नहीं करा सकती, उसे परीक्षा कराने का अधिकार नहीं होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा शिक्षा व्यवस्था छात्रों और अभिभावकों पर आर्थिक तथा मानसिक बोझ बन गई है। कांग्रेस ने सरकार से संवेदनशील, जवाबदेह और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद होना चाहिए।