राज्य
09-Oct-2026
...


- Rajesh sharma



नौरोजाबाद की बेटी अंकिता सिंह ने प्रथम प्रयास मे उत्तीर्ण की कनिष्ठ अनुवाद अधिकारी की परीक्षा

बांधवभूमि, न्यूज 

मध्यप्रदेश

हुकुम सिंह, नौरोजाबाद। जिले के नौरोजाबाद की बेटी अंकिता सिंह ने कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) द्वारा आयोजित कनिष्ठ अनुवाद अधिकारी की परीक्षा प्रथम प्रयास मे उत्तीर्ण कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, परिचितों और क्षेत्र मे खुशी का माहौल है। जीएम कॉम्प्लेक्स निवासी मुन्नू सिंह और बेबी सिंह की बेटी अंकिता सिंह ने कक्षा पहली से 12वीं तक की शिक्षा केंद्रीय विद्यालय नौरोजाबाद से गृहण की। इसके बाद इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय अमरकंटक से बीएससी तथा डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय सागर से रसायन विज्ञान मे स्नातकोत्तर की पढ़ाई की। वर्तमान मे वे छतरपुर से हिंदी साहित्य मे पीएचडी कर रही हैं।

नहीं थी ऐसी उम्मीद
अंकिता ने बताया कि एसएससी परीक्षा की तैयारी के दौरान वह प्रतिदिन आठ से नौ घंटे पढ़ाई करती थीं। इस दौरान माता-पिता और शिक्षकों का उन्हें हमेशा सहयोग मिला। हलांकि प्रथम प्रयास मे ही परीक्षा उत्तीर्ण करने की उम्मीद नहीं थी, लेकिन मेहनत और लगन से यह संभव हो सका। उनका अगला लक्ष्य मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) की परीक्षा उत्तीर्ण कर सहायक प्राध्यापक बनना है। परिणाम घोषित होने के बाद परिवार को बधाई देने वालों का तांता लग गया। पिता मुन्नू सिंह ने बेटी की सफलता पर गर्व जताते हुए कहा कि अंकिता शुरू से ही पढ़ाई मे अव्वल रही है। इस सफलता पर मिठाई बांटकर जश्न मनाया गया। केंद्रीय विद्यालय के शिक्षकों ने भी अंकिता की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि अंकिता शुरू से ही अनुशासित और मेधावी छात्रा रही हैं। अंकिता की सफलता युवाओं, विशेषकर छात्राओं के लिए प्रेरणादायक है। यह संदेश है कि परिश्रम और आत्मविश्वास के साथ किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।