राज्य
09-Oct-2026
...


- Rajesh sharma



मेडिकल कॉलेज मे महिला ने तीन बच्चों को दिया जन्म, दो बेटियां और एक बेटा

 सामान्य प्रसव से 10 मिनट के भीतर हुआ जन्म, कम वजन के चलते विशेष निगरानी मे रखे गए नवजात

बांधवभूमि, न्यूज 

मध्यप्रदेश
सोनू खान, शहडोल।
शहडोल मेडिकल कॉलेज मे गुरुवार को एक महिला ने तीन बच्चों को जन्म दिया। नवजातों मे दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। तीनों का जन्म सामान्य प्रसव से हुआ। मेडिकल कॉलेज मे एक साथ तीन बच्चों के जन्म का यह पहला मामला बताया जा रहा है। जन्म के समय तीनों बच्चों का वजन कम होने के कारण उन्हें विशेष नवजात देखभाल इकाई मे रखा गया है। डॉक्टरों के अनुसार, मां और तीनों नवजातों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।

जानकारी के अनुसार, सोहागपुर क्षेत्र के ग्राम पतासी निवासी प्रीति कोल (20), पति कृष्ण कुमार, को प्रसव के लिए मेडिकल कॉलेज मे भर्ती कराया गया था। यहां चिकित्सकों की देखरेख मे उन्होंने तीन बच्चों को जन्म दिया। अस्पताल के रिकॉर्ड के अनुसार, पहले बच्चे का जन्म सुबह 6 बजकर 36 मिनट, दूसरे का 6 बजकर 45 मिनट और तीसरे का 6 बजकर 46 मिनट पर हुआ। इस तरह महज 10 मिनट के भीतर तीनों बच्चों का जन्म हो गया। जन्म के क्रम मे पहली और तीसरी संतान बेटी तथा दूसरी संतान बेटा है। पहली बच्ची का वजन 985 ग्राम, बेटे का 1 किलो 135 ग्राम और दूसरी बच्ची का वजन 830 ग्राम दर्ज किया गया। कम वजन और समय से पहले जन्म होने के कारण तीनों नवजातों को विशेष निगरानी मे रखा गया है।

आठ से दस हजार मामलों मे सामने आता है ऐसा प्रसव
मेडिकल कॉलेज के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की अध्यक्ष डॉ. सोना सिंह ने बताया कि एक साथ तीन बच्चों का जन्म होना दुर्लभ है। करीब आठ से दस हजार प्रसव के मामलों मे ऐसा एक मामला सामने आने की बात कही जाती है। मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉ. नागेंद्र सिंह ने भी इसे दुर्लभ मामला बताया। चिकित्सकों की टीम तीनों नवजातों के स्वास्थ्य पर लगातार नजर रख रही है। उधर, एक साथ तीन बच्चों के जन्म से परिवार मे खुशी का माहौल है।