- Rajesh sharma
समस्याएं जानने पैदल निकलीं कलेक्टर
चिल्हारी मे सघन भ्रमण, सेवा संकल्प अभियान के तहत पनपथा मे विशाल शिविर आयोजित
बांधवभूमि, न्यूज
मध्यप्रदेश
रामाभिलाष त्रिपाठी, मानपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को कलेक्टर राखी सहाय ने वरिष्ठ प्रशासनिक व विभागीय अधिकारियों संग चिल्हारी गांव मे पैदल भ्रमण कर ग्रामीणों से संवाद किया। समस्याएं सुनीं, शासकीय संस्थाओं की वस्तुस्थिति जानी तथा व्यवस्थाओं मे सुधार के निर्देश दिए। इसके बाद मानपुर विकासखंड के पनपथा स्थित विद्यालय परिसर मे मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर आयोजित हुआ, जहां आवेदनों का निराकरण कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने की पहल की गई।
अतिक्रमण से मुक्त होगी स्कूल की जमीन
कलेक्टर ने शासकीय उमावि चिल्हारी मे पांच अतिरिक्त कक्षों के निर्माण हेतु स्थल देखा और एजेंसी को तत्काल काम शुरू करने के निर्देश दिए। सांथ ही विद्यालय भूमि से अतिक्रमण हटाने का भरोसा दिलाया। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों मे भागीदारी के लिए प्रेरित किया। सेवा सहकारी समिति के निरीक्षण मे उचित मूल्य दुकान से खाद्यान्न वितरण की जानकारी लेकर भवन सुधारने को कहा। 50 लाख रुपये की लागत से बन रहे मंगल भवन का जायजा लिया। आयुष्मान आरोग्य मंदिर परिसर स्थित आयुर्वेद औषधालय मे नियमित चिकित्सकों की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया तथा अस्पताल परिसर मे पौधरोपण किया।
त्वरित राहत, लंबित प्रकरणों पर निर्देश
पनपथा मे आयोजित शिविर के दौरान कुछ आवेदनों का मौके पर निराकरण हुआ, जबकि शेष प्रकरणों की जांच कर समय सीमा मे कार्रवाई के निर्देश दिए गए। राखी सहाय ने कहा कि अभियान का उद्देश्य पात्र परिवारों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाना तथा वंचितों तक सुविधाएं पहुंचाना है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार भागवानी ने पुलिस संबंधी शिकायतें सुनकर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए। जिला पंचायत सीईओ अभय सिंह और अपर कलेक्टर प्रमोद कुमार सेन गुप्ता ने भी फरियादियों की समस्याएं सुनीं।
आकाशीय बिजली से मृत्यु पर सहायता स्वीकृत
पलझा निवासी सुषमा बर्मन को आकाशीय बिजली से हुई मृत्यु के मामले मे चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई। अमरपुर निवासी शालू चतुर्वेदी के परिजन के उपचार हेतु आयुष्मान कार्ड बनाने के आवेदन पर तत्काल परीक्षण के निर्देश दिए गए। भू-अधिकार पट्टों संबंधी प्रकरणों मे जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया गया। विभिन्न विभागों के स्टॉल पर आवेदन दर्ज किए गए, वहीं स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सा शिविर लगाया।
स्वरोजगार की मिसाल बने राजेश गुप्ता
कार्यक्रम मे कलेक्टर ने रोहनिया निवासी उद्यमी राजेश गुप्ता से संवाद किया। उन्होंने दो करोड़ रुपये की लागत से राइस मिल स्थापित की है, जिसके लिए एमएसएमई विकास योजना के तहत 60 लाख रुपये की सब्सिडी मिली। इकाई में 15 लोगों को रोजगार मिला है। सहाय ने उनके प्रयासों को युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताया। कार्यक्रम मे एसडीएम मानपुर हरनीत कौर कलसी, डिप्टी कलेक्टर प्रत्युष श्रीवास्तव, प्रिया अग्रवाल तथा जनपद सीईओ अंकित सिरौठिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।