उमरिया विशेष
20-Feb-2026
...


- Tapas Gupta



गांधी ताप विद्युत केंद्र परिसर में बड़ा हादसा टला, अनियंत्रित बोलेरो पलटी

उमरिया तपस गुप्ता 

 शुक्रवार दोपहर संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र के परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक बोलेरो वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। यह घटना प्लांट के अंदरूनी हिस्से में हुई, जहां आमतौर पर कर्मचारियों और अधिकारियों की आवाजाही बनी रहती है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बोलेरो प्लांट के आंतरिक मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन फिसलते हुए किनारे रखे औद्योगिक सामान से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी पलटकर एक ओर जा गिरी। हादसा होते ही आसपास मौजूद कर्मचारी मौके की ओर दौड़े और स्थिति संभालने में जुट गए।

 

इस संबंध में मुख्य अभियंता एच.के. त्रिपाठी ने बताया कि बोलेरो अनियंत्रित होकर प्लांट के अंदर रखे सामान पर पलट गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस दुर्घटना में किसी भी कर्मचारी या अन्य व्यक्ति को चोट नहीं आई है। इसे सौभाग्य ही माना जा रहा है कि इतना बड़ा हादसा होने के बावजूद जनहानि नहीं हुई।

हालांकि घटना में जानमाल का बड़ा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन इसने प्लांट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और वाहन संचालन को लेकर सवाल जरूर खड़े किए हैं। औद्योगिक क्षेत्र में भारी मशीनरी, संवेदनशील उपकरण और ज्वलनशील सामग्री मौजूद रहती है, ऐसे में थोड़ी सी भी चूक गंभीर परिणाम ला सकती है।

सूत्रों के अनुसार प्रबंधन ने घटना की आंतरिक समीक्षा शुरू कर दी है। यदि जांच में किसी तरह की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल स्थिति सामान्य है और प्लांट में कामकाज पूर्ववत जारी है, लेकिन यह घटना सुरक्षा मानकों के सख्ती से पालन की याद जरूर दिला गई है।