व्यापार
06-Sep-2025
...


- RAJESH SHARMA



टाटा-महिंद्रा ने घटाए गाड़ियों के दाम, मारुति भी जल्द देगी फायदा

जीएसटी सुधार से ऑटो सेक्टर को बड़ी राहत, कारों के दामों में 9 प्रतिशत तक कमी का अनुमान

बांधवभूमि न्यूज

देश

नई दिल्ली। हाल ही में हुए जीएसटी सुधारों से ऑटो सेक्टर को सबसे बड़ी राहत मिली है। छोटी गाड़ियों पर जीएसटी 28 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है, वहीं बड़ी कारों पर अब 40 प्रतिशत टैक्स लगेगा और सेस पूरी तरह हटा दिया गया है। कंपनियों ने इसका फायदा ग्राहकों को देना शुरू कर दिया है।

टाटा मोटर्स के बाद महिंद्रा ने भी गाड़ियों की कीमतों में भारी कटौती का ऐलान कर दिया है। महिंद्रा एंड महिंद्रा के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने एक्स पर जानकारी दी कि कंपनी ने एसयूवी पर 1.56 लाख रुपये तक की छूट देना शुरू कर दिया है। एक्सयूीव 700, स्कॉर्पियो, बोलेरो और थार जैसे मॉडल्स पर यह फायदा ग्राहकों को मिल रहा है। खास बात यह है कि जहां ज्यादातर कंपनियां 22 सितंबर से नई कीमतें लागू करेंगी, वहीं महिंद्रा ने 6 सितंबर से ही राहत देना शुरू कर दिया है।

देश की सबसे बड़ी ऑटो कंपनी मारुति सुजुकी ने भी कारों की कीमतों में कटौती के संकेत दिए हैं। कंपनी के चेयरमैन आर.सी. भार्गव ने बताया कि कारों के दामों में 9 प्रतिशत तक कमी की जा सकती है और इस पर अधिकारी काम कर रहे हैं।