- RAJESH SHARMA
अमेरिकी टैरिफ के झटके से भारतीय शेयर बाजार लुढ़का
सेंसेक्स 534 अंक टूटा, निफ्टी में 180 अंकों की गिरावट; निवेशकों की नजर 27 अगस्त की समय-सीमा पर
बांधवभूमि न्यूज
देश
अमेरिका की ओर से भारत पर 50 फीसदी टैरिफ लगाने की आधिकारिक घोषणा के बाद मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार गिरावट पर खुला। वैश्विक बाजारों से मिले कमजोर संकेत और बिकवाली के दबाव से सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन निवेशकों की चिंता बढ़ गई। टैरिफ स्थगित होने की संभावनाएं कम होने से बाजार में गिरावट और गहराई। सुबह बीएसई सेंसेक्स 200 अंकों से ज्यादा नीचे 81,377.39 पर खुला और 9:30 बजे तक 534.30 अंक यानी 0.65% गिरकर 81,101.61 पर पहुंच गया। इसी तरह एनएसई निफ्टी भी 24,899 पर खुलकर 180 अंकों की गिरावट के साथ 24,787 पर कारोबार कर रहा था।
विशेषज्ञों के अनुसार निवेशकों की नजर अब 27 अगस्त को लागू होने वाले नए टैरिफ और अगले महीने अपेक्षित जीएसटी दरों पर टिकी है। एशियाई बाजारों में भी कमजोरी रही, जहां जापान का निक्केई 1.09% और दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.86% टूटा। आज टाटा मोटर्स, एचडीएफसी बैंक, पेटीएम, विक्रम सोलर, श्रीजी शिपिंग ग्लोबल, साई लाइफ साइंसेज, प्रोटीन ईजीओवी टेक्नोलॉजीज और यूको बैंक जैसे शेयरों में निवेशकों की नजर रहेगी।