- Rajesh sharma
किसानों की समृद्धि ही हमारा लक्ष्य
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बोधगया से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग द्वारा शाजापुर जिले के 'बलराम कृषि महोत्सवÓ मे हुए शामिल
बांधवभूमि, न्यूज
मध्यप्रदेश
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़कर खेती को लाभकारी बनाने की दिशा में बलराम कृषि महोत्सव महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों की बेहतरी के लिए राज्य सरकार हरसंभव कदम उठा रही है। वर्ष 2026 को 'कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाते हुए प्रदेश के सभी जिलों में बलराम कृषि महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं। शुक्रवार, 9 अक्टूबर तक प्रदेश के 55 में से करीब 43 जिलों में जिला स्तरीय बलराम कृषि महोत्सव आयोजन हो चुके हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसानों की समृद्धि ही हमारा लक्ष्य है, हमारी प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि बलराम कृषि महोत्सव के माध्यम से कृषि विशेषज्ञ, वैज्ञानिक और जिला अधिकारी सीधे किसानों से संवाद कर रहे हैं। किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, आधुनिक कृषि यंत्रों और खेती में नवाचार अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि कम निवेश में अधिक आमदनी प्राप्त करने के गुर सीखकर किसान अमल कर सकें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बदलते समय में खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए परम्परागत तरीकों के साथ आधुनिक तकनीकों को अपनाना आवश्यक है। कृषि विशेषज्ञों द्वारा दी जा रही नई जानकारियां किसानों को बेहतर उत्पादन, संसाधनों के प्रभावी उपयोग और आय बढ़ाने के अवसर उपलब्ध करा सकती हैं। उन्होंने किसानों से बलराम कृषि महोत्सव में अवश्य भाग लेकर कृषि विशेषज्ञों की सलाह का भरपूर लाभ उठाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और कृषि क्षेत्र में समृद्धि के नए अवसर पैदा करना है। इसके लिए सभी जरूरी उपाय और प्रबंधन किये जा रहे हैं।
खेती को लाभकारी बनाने का सशक्त मंच
इस वर्ष 15 जुलाई 2026 से शुरू हुए बलराम कृषि महोत्सव आयोजन की श्रृंखला में अब तक हजारों किसान इस महोत्सव से लाभान्वित हो चुके हैं। बलराम कृषि महोत्सव खेती-किसानी को घाटे से उबारने, आधुनिक तकनीकों को खेतों तक पहुंचाने और किसानों को सफलता एवं लाभ के नए आयामों से जोड़ने का सशक्त मंच बन रहा है।
पितृपक्ष के अंतिम दिन गयाजी के फल्गु नदी मे विधि-विधान से किया तर्पण

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को बिहार के गया पहुंचे। गया एयरपोर्ट पर आगमन के बाद वे सड़क मार्ग से बोधगया मठ पहुंचे। यहां धार्मिक परंपराओं के अनुसार उन्होंने पवित्र फल्गु नदी में विधि-विधान से तर्पण किया। पितृपक्ष के अंतिम दिन मुख्यमंत्री के गया आगमन को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए गया एयरपोर्ट से बोधगया तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। उनके काफिले के गुजरने वाले मार्ग पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। संबंधित अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे, ताकि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। इस दौरान सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क रहीं। गयाजी का सनातन धर्म में पितरों की मुक्ति और मोक्ष की कामना से किए जाने वाले पिंडदान और तर्पण के लिए विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, फल्गु नदी के तट पर पितरों के निमित्त तर्पण कर पूर्वजों के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त की जाती है। इसी परंपरा के तहत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पवित्र फल्गु नदी में तर्पण किया।