राष्ट्रीय
07-Oct-2026
...


- Rajesh sharma



पीएम मोदी का विश्वास: आज पायलट, कल मेड इन इंडिया विमान की बात करेगा विश्व

2047 तक विकसित भारत का यह सपना जरुर होगा पूरा 

बांधवभूमि, न्यूज 

देश
नई दिल्ली।  
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत संकल्प सभा में देश के भविष्य को लेकर बड़ा भरोसा जताकर कहा कि आज दुनिया भारत के पायलट कैप्टन स्मित मच्छर की बात कर रही है, और एक दिन ऐसा भी आएगा जब वह मेड इन इंडिया विमानों की बात करेगी। नई दिल्ली में आयोजित सभा में उन्होंने भारत के सामने मौजूद चुनौतियों को स्वीकार कर 140 करोड़ भारतीयों को ही उनका समाधान बताया। पीएम मोदी ने भारत के गौरवशाली अतीत और उसके भविष्य के प्रति संतों की दूरदृष्टि को याद किया। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के उस कथन का उल्लेख किया जिसमें एक अद्भुत, गौरवशाली और महान भारत के उदय की भविष्यवाणी थी। इसी तरह महर्षि अरबिंदो के शब्दों को दोहराया कि भारत के भाग्य का सूरज अवश्य उगेगा और उसकी रोशनी से पूरा विश्व आलोकित होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अदम्य साहस और अमिट जिजीविषा में तपे हमारे पूर्वजों की ही संतान होने के नाते, हम अपने सपनों को स्वतंत्र रूप से पूरा करने की सामर्थ्य रखते हैं और आज हम अपनी नियति के नियंता स्वयं हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने आह्वान किया कि अब देश के लिए बड़े और महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित करने का समय है।  उनका विजन एक इसतरह के विकसित भारत का है जो दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो, गरीबी से पूर्णत: मुक्त हो और हर क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व करे। चाहे शिक्षा, मनोरंजन, स्वास्थ्य, खेल, नवाचार या प्रौद्योगिकी हो, भारत हर दिशा में उत्कृष्टता हासिल करे और हर क्षेत्र में तिरंगा गर्व के साथ लहराए। उन्होंने दृढ़ता से कहा कि 2047 तक विकसित भारत का यह सपना जरुर पूरा होगा, क्योंकि 140 करोड़ देशवासी मिलकर इस लक्ष्य को हासिल करने में सक्षम हैं और भारत अब किसी भी कीमत पर रुकने वाला नहीं है। पीएम मोदी ने इस मौके पर देश की महत्वपूर्ण उपलब्धि का जिक्र किया, जिसमें एक दशक के भीतर 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया। उन्होंने कहा कि जो बात कभी नामुमकिन लगती थी, भारत ने लगातार काम कर उस मुमकिन कर दिखाया है। प्रधानमंत्री मोदी ने 140 करोड़ भारतीयों की ताकत और क्षमता पर गहरा भरोसा जताकर कहा कि 25 वर्षों के अपने सार्वजनिक अनुभव के बाद, वह पूरे विश्वास के साथ कह सकते हैं कि हम अपनी आंखों के सामने भारत का बदलाव देख रहे हैं। 

उल्लेखनीय है कि विकसित भारत संकल्प सभा प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक सेवा में 25 वर्ष पूरे होने और सेवा ज्योति यात्रा के तहत आयोजित की गई थी। इसका मुख्य उद्देश्य वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक सुनिश्चित करना है।