- Rajesh sharma
जनता की शिकायतों मे लापरवाही बर्दाश्त नहीं
दस माह से मानदेय लंबित, जिला संयोजक निलंबित, हरदा मे समाधान ऑनलाइन के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सख्त, लापरवाह अधिकारियों पर अर्थदंड के दिये निर्देश
बांधवभूमि, न्यूज
मध्यप्रदेश
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समाधान ऑनलाइन में जनसमस्याओं के निराकरण की समीक्षा के दौरान दस माह से अधिक समय तक महिला कर्मचारी का मानदेय लंबित रखने और शिकायत के निराकरण में लापरवाही बरतने पर आदिम जाति कल्याण विभाग के जिला संयोजक प्रमोद माथुर को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि आमजन की समस्याओं की अनदेखी और शासकीय दायित्वों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने तथा लापरवाही पर अर्थदंड लगाने के निर्देश दिए।
पांच आवेदकों से सीधे संवाद कर सुनीं समस्याएं
हरदा में आयोजित समाधान ऑनलाइन के दौरान मुख्यमंत्री ने पांच आवेदकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। कृषि यंत्रों पर सब्सिडी, बिजली बिल सहित विभिन्न शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस विभाग की 100 दिन से अधिक समय से लंबित 27 शिकायतों पर भी अप्रसन्नता जताते हुए पुलिस अधीक्षक को व्यक्तिगत रूप से समीक्षा करने को कहा। उन्होंने कलेक्टरों को शिकायतों की नियमित निगरानी करने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि आमजन को समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री स्तर तक न पहुंचना पड़े। कर्मचारियों के वेतन और मानदेय का भुगतान भी समय पर करने पर जोर दिया। मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने नल-जल योजनाओं की सतत निगरानी, पूर्ण योजनाओं का शीघ्र हस्तांतरण और बिजली संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। विभागीय समीक्षा में मुख्यमंत्री ने हरदा को आदर्श जिला बनाने, नर्मदा परिक्रमा पथ के विकास और नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित कर उद्योगों को बढ़ावा देने पर बल दिया।
आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की मजबूत तस्वीर
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत उद्यमी, युवा एवं किसान संवाद में विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के अनुभव जाने और उनके नवाचारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बन रहे उद्यमी, युवा और किसान आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की मजबूत तस्वीर हैं। संवाद में सामने आया कि रजाई निर्माण इकाई से 72 लोगों को रोजगार मिल रहा है, जबकि मूंगदाल प्रसंस्करण इकाई के उत्पाद चीन, दुबई और अमेरिका तक पहुंच रहे हैं। कृषि उपकरण निर्माता गुरचरण लाल अब तक करीब 30 हजार लैंड लेवलर तैयार कर चुके हैं। बायो सीएनजी प्लांट, खाद्य प्रसंस्करण, मसाला उद्योग, प्राकृतिक खेती, पशुपालन और डेयरी व्यवसाय के जरिए भी स्थानीय स्तर पर रोजगार और आय के नए अवसर विकसित हो रहे हैं।
मिशन कोड शक्ति नवाचार की विशेष सराहना
मुख्यमंत्री ने जिले के 'मिशन कोड शक्ति नवाचार की विशेष सराहना की। इस पहल से करीब 2,500 विद्यार्थी वेबसाइट डिजाइनिंग, वेब बेसिक्स और प्रोग्रामिंग जैसी आधुनिक तकनीकों में दक्ष हो रहे हैं। वहीं, 'बरगंडी बाग ब्रांड से लगभग एक हजार जनजातीय महिलाएं जुड़ी हैं। मुख्यमंत्री ने इसके उत्पादों को पर्यटन विभाग से जोड़कर विस्तार देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय संसाधनों, आधुनिक तकनीक और नवाचारों को बाजार से जोड़कर युवाओं और किसानों के लिए रोजगार के नए रास्ते खोले जा सकते हैं। इस दौरान केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास उइके, पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, मुख्यमंत्री सचिव सुदाम खाड़े, नर्मदापुरम संभागायुक्त श्रीकांत बनोठ, आईजी चंद्रशेखर सोलंकी, कलेक्टर सिद्धार्थ जैन, पुलिस अधीक्षक शशांक सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।