राज्य
08-Oct-2026
...


- Rajesh sharma



ठेकेदार की मनमानी से नागरिकों के लिये खतरा बना रेलवे का निर्माण

बांधवभूमि, न्यूज 

मध्यप्रदेश
राजकुमार गौतम, बिरसिंहपुर पाली।
नगर के पुराने बस स्टैंड क्षेत्र मे रेलवे द्वारा कराया जा रहा ड्रेन और ब्रिक्स वाल निर्माण कार्य ठेकेदार की लापरवाही और मनमानी के कारण नागरिकों के लिए असुविधा और खतरे का सबब बन गया है। करीब छह महीने से जारी निर्माण कार्य के दौरान आम लोगों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। बताया गया है कि ठेकेदार ओम कंस्ट्रक्शन द्वारा सड़क से गुजरने वाले लोगों और वाहनों की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्था नहीं की गई है। निर्माण स्थल पर मशीनरी सड़क के बेहद करीब खड़ी रहती है, जबकि चारों ओर मलबा, ईंट-पत्थर और निर्माण सामग्री फैली हुई है। कार्यस्थल के आसपास स्पष्ट बैरिकेडिंग, खतरे की पट्टी, चेतावनी संकेत और अन्य सुरक्षा संकेतक भी नजर नहीं आ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान मिट्टी, ईंट-पत्थर और कांक्रीट सड़क पर फैल जाता है, जिससे वाहन चालकों को परेशानी होती है। वहीं कांक्रीट मिश्रण मशीन से सामग्री डालने के दौरान सड़क पर मलबा गिरने से पुराने बस स्टैंड के इस व्यस्त मार्ग पर दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के लिए खतरा बना हुआ है। कई बार इससे यातायात प्रभावित होने के साथ जाम की स्थिति भी बन जाती है।

शर्तो का हो रहा उल्लंघन
सूत्रों का कहना है कि रेलवे की मानक ठेका शर्तों मे निर्माण कार्य के दौरान सार्वजनिक सुरक्षा की जिम्मेदारी ठेकेदार पर निर्धारित की गई है। आवागमन वाले मार्ग पर काम के दौरान यातायात को सुरक्षित रखने, आवश्यक बैरिकेडिंग, रोशनी और चेतावनी संकेत लगाने तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जरूरी सुरक्षा व्यवस्था करने का प्रावधान है। निर्माण स्थल पर कार्य से संबंधित सूचना बोर्ड लगाने की व्यवस्था भी निर्धारित है। इसकी स्थिति को लेकर रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग की निगरानी पर भी सवाल उठ रहे हैं।