- Rajesh sharma
बंद कमरे मे मिले मां-बेटी के शव
पति पर हत्या का संदेह, घर में ताला लगाकर फरार
बांधवभूमि, न्यूज
मध्यप्रदेश
शहडोल। जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र के नवागांव मे गुरुवार को बंद कमरे में मां-बेटी के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों शव करीब पांच दिन पुराने बताए जा रहे हैं। घर से दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों ने महिला के रिश्तेदार को सूचना दी। अहमदाबाद मे रह रहे रिश्तेदार ने डायल-112 को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। मृतकों की पहचान रुचि रजक (30) और उसकी मां सावित्री पति प्रेमलाल (50) के रूप मे हुई है। पुलिस के अनुसार रुचि का मायका सीधी जिले के मझौली मे है। उसकी शादी वर्ष 2025 मे नवागांव निवासी से हुई थी और वह पति के साथ रह रही थी। प्रारंभिक जांच मे सामने आया है कि रविवार को सावित्री अपनी बेटी रुचि को मायके ले जाने के लिए नवागांव पहुंची थी। इसी बात को लेकर रुचि का पति से विवाद होने की जानकारी पुलिस को मिली है। आशंका है कि विवाद के बाद दोनों की हत्या कर पति घर मे बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने उसके रविवार रात गांव से जाने की जानकारी पुलिस को दी है। पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाकर मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस रुचि के पति की तलाश मे जुटी है। सीएसपी राजेंद्र मोहन दुबे ने बताया कि प्रारंभिक जांच मे रुचि के पति पर हत्या का संदेह है। वह फरार है। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर घटना का खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।